Spicejet के विमान में धुआं भरने के बाद शनिवार सुबह दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। दिल्ली-जबलपुर फ्लाइट के केबिन में जब धुआं दिखा, तब प्लेन 5 हजार फीट की ऊंचाई पर था। इस फ्लाइट ने दिल्ली एयरपोर्ट से सुबह 6:15 पर उड़ान भरी थी। कुछ मिनिट बाद विमान में चिंगारी उठी और प्लेन के भीतर धुआं भर गया। धुआं भरते ही यात्रियों का दम घुटने लगा। एसी बंद हो जाने से यात्री परेशान हो गए। फ्लाइट की वापस दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इसमें 60-70 यात्री थे। सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
एक यात्री ने बताया कि टेकऑफ के करीब 15 मिनिट बाद ही प्लेन में चिंगारी निकली और धुआं भर गया। सांस लेने में तकलीफ हुई तो यात्री मैगजीन और कपड़े से धुआं उड़ाते रहे। इस फ्लाइट के डुमना एयरपोर्ट जबलपुर आने का समय सुबह 8:30 बजे का है। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद यात्रियों को 10:00 बजे तक दूसरी फ्लाइट से जबलपुर भेजने का आश्वासन दिया गया। दूसरी फ्लाइट ने 10:30 बजे दिल्ली से जबलपुर के लिए टेकऑफ किया।

इमरजेंसी लैंडिंग के बाद स्पाइसजेट के विमान से उतरते यात्री।
प्लेन क्लाइंबिंग स्टेज पर थी फ्लाइट
फ्लाइट में जब धुआं भरा तब वह क्लाइंबिंग स्टेज में थी। यानी लगातार ऊंचाई की तरफ जा रही थी। धुआं दिखने के बाद यात्री घबरा गए उनमें चीख-पुकार मच गई। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद में विमान को खाली कराया गया।
Spicejet ने घटना की वजह नहीं बताई
इस घटना के बाद Spicejet की तरफ से बयान जारी किया गया। उसमें इमरजेंसी लैंडिंग और मुसाफिरों के सुरक्षित होने की बात तो कही गई, लेकिन हादसे की वजह नहीं बताई गई। हालांकि, दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी ने जांच की बात कही है।
विमान के दाहिनी ओर अंदर चिंगारी उठने के बाद धुआं भरना शुरू हुआ।
पटना में भी हुई थी इसी तरह की घटना
13 दिन पहले यानी 19 जून को बिहार की राजधानी पटना में भी स्पाइसजेट के विमान में अचानक धुआं भरने लगा था, जिसके बाद उसकी भी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। उस वक्त शुरुआती जांच में बर्ड हिट का मामला सामने आया था।
Flight makes emergency landing in Delhi after crew detect smoke inside cabin #delhi #india #emergencylanding #smoke #plane #spicejet #Kamera pic.twitter.com/xnigM7ltyp
— KameraOne (@kamera_one) July 2, 2022
पटना में इमरजेंसी लैंडिंग के वक्त विमान में 185 यात्री सवार थे।
Spicejet की लापरवाही बताया था
पटना में स्पाइसजेट की विमान लैंडिंग मामले में यात्रियों ने बड़ा दावा किया था। लैंडिंग के समय विमान की 18 नंबर सीट पर बैठी एक युवती शिब्बु सुमन ने दैनिक भास्कर से कहा था कि टेकऑफ के वक्त ही इंजन से अजीब सी आवाज आ रही थी। यह नॉर्मल साउंड से अलग थी। उसने बताया कि 18 से 22 नंबर सीट के पास ही विमान के विंग्स थे। वहीं से बहुत तेज आवाज आ रही थी। सुमन ने यह दावा भी किया कि विमान से पक्षी नहीं टकराया था, बल्कि यह मेंटेनेंस की प्रॉब्लम थी।